आयुष्मान योग होने के कारण विशेष है आखिरी सोमवार
नई दिल्ली। सावन के अंतिम सोमवार की पूर्व संध्या पर अनेक कार्यक्रमों की तैयारी के साथ भोले की भक्ति भाव में लीन राजधानी शिवमय हो गई। राजधानी के विभिन्न मंदिरों में सावन के अंतिम सोमवार को शिव की आराधना के लिए विशेष आयोजन किए गए हैं।
चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर में दूध दही घी व शहद से शिवलिंग का अभिषेक करने और शिव के श्रृंगार के लिए विशेष तैयारी की गई है।
मंदिर के प्रबंधक पंडित तेज प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस साल के अंतिम सोमवार को आयुष्मान योग होने के कारण इसका महत्व विशेष है। इस योग में शिव की आराधना करने पर स्वास्थ्य और आयु की वृद्धि होती है। मंदिर में सुबह चार बजे मंगला आरती के बाद मंगलाचरण व भगवान शंकर व माता पार्वती का आह्वान कर षोड़श उच्चारण के साथ विशेष पूजा अर्चना होगी। बेलपत्र, दूब, कुश, भांग, धतूरा व श्रीफल आदि से भोग लगाया जाएगा। प्रीत विहार स्थित गुफे वाले मंदिर, केशव पुरम स्थित 151 किलो शिव लिंग वाले पदमेश्वर धाम मंदिर, सिद्ध पीठ कालका मंदिर, झंडेवालान मंदिर समेत दिल्ली के अनेक छोटे बड़े मंदिरों में शिव आराधना की तैयारी की गई है। श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में मंदिरों की साज-सज्जा अनुपम छटा बिखेरने लगी है।
मंदिरों में की विशेष तैयारी-
सोनीपत - श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर मंदिरों में विशेष रूप से साज-सज्जा की गई है। अंतिम सोमवार को मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को शिवभक्त सुबह से ही मंदिरों में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर मन्नतें मांग रहे थे।
श्रावण मास में शिव की पूजा सबसे अधिक महत्व रखती है। आचार्य लक्ष्मी नारायण शुक्ल बताते है कि श्रावण मास में शिव की पूजा विशेष तौर पर की जाती है। इस मास में आसमान से जल की वर्षा होती है। जिससे नवजीवन का संचार होता है। उन्होंने कहा कि श्रावण में शिवलिंगों पर जलाभिषेक के लिए अधिक भक्त स्वयं ही उमड़ पड़ते है। खासकर श्रावण मास की पहली व अंतिम सोमवार को तो श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा भी विशेष तैयारियां पहले से ही कर ली जाती थी। शहर के शंभू दयाल मंदिर सहित माडल टाउन स्थित गीता भवन मंदिर, जटवाड़ा स्थित शिव मंदिर, मुरथल रोड स्थित शिव मंदिर, गांव राई के शिवमंदिर, सेवली के शिवमंदिर में रविवार को ही साफ-सफाई के बाद साज-सज्जा कर दी गई।
सुंदर रूप से सजाया गया है मंदिर -
शंभू दयाल शिवाला के पदाधिकारी प्रदीप गौतम कहते है कि अंतिम सोमवार को मंदिर में हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे। इस दौरान मेले में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए विशेष प्रबंध है। साफ-सफाई के साथ ही रंग-बिरंगी रोशनी का प्रबंध किया गया है।
युवतियों में होता है विशेष उत्साह-
श्रावण मास में युवतियां व नव विवाहिता शिव की अराधना के लिए मंदिरों में प्रतिदिन जाती है। मान्यता है कि श्रावण में शिव के व्रत करने से उनकी मनोकामना पूरी होती है।
आयुष्मान योग होने के कारण विशेष है यह सोमवार-
सावन के अंतिम सोमवार पर अनेक कार्यक्रमों की तैयारी के साथ भोले की भक्ति भाव में लीन राजधानी शिवमय हो गई। राजधानी के विभिन्न मंदिरों में सावन के अंतिम सोमवार को शिव की आराधना के लिए विशेष आयोजन किए गए हैं। चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर में दूध दही घी व शहद से शिवलिंग का अभिषेक करने और शिव के श्रृंगार के लिए विशेष तैयारी की गई है। मंदिर के प्रबंधक पंडित तेज प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस साल के अंतिम सोमवार को आयुष्मान योग होने के कारण इसका महत्व विशेष है। इस योग में शिव की आराधना करने पर स्वास्थ्य और आयु की वृद्धि होती है। मंदिर में सुबह चार बजे मंगला आरती के बाद मंगलाचरण व भगवान शंकर व माता पार्वती का आवाहन कर षोड़श उच्चारण के साथ विशेष पूजा अर्चना होगी। बेलपत्र, दूब, कुश, भांग, धतूरा व श्रीफल आदि से भोग लगाया जाएगा।
सावन मास की अंतिम सोमवारी पर रूद्राभिषेक आज-
पानीपत- सावन मास की अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिरों में विशेष इंतजाम किया गया है। देवी मंदिर में रुद्राभिषेक किया जाएगा। भोले बाबा के भक्त शिवालयों में जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना करेंगे।
सावन मास में सोमवारी का विशेष महत्व है। बीते 29 जुलाई को प्रथम सोमवार पर मंदिरों में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया गया। दूसरे सोमवार को शिवरात्रि होने से हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले डाक कांवड़ियों की खूब भीड़ रही। शहरवासियों ने व्रत रख कर भोले बाबा को जल चढ़ाया। सोमवारी को लेकर मंदिरों में भव्य तैयारियां की गई है। प्राचीन देवी मंदिर में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम होगा। पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद व शक्कर) से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया जाएगा। मंदिर परिसर में 11 ब्राह्माण रुद्रष्टाध्यायी के मंत्रों का पाठ करेंगे। सोमवारी का व्रत रखने वाले उद्यापन भी करेंगे।
देवी मंदिर के पुजारी लालमणि पांडेय ने बताया सावन मास भगवान शिव को अत्यधिक प्रिय है। वैदिक काल से ही सोमवार को व्रत रखने की परंपरा चली आ रही है। शिव पार्वती पूजन से दैहिक, दैविक, भौतिक व आध्यात्मिक सुखों की प्राप्ति होती है। मंदिर परिसर में सुबह 8-9 बजे तक रुद्राभिषेक का कार्यक्रम होगा। मंत्रोच्चार के बीच भक्त शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाएंगे।
जयकारों से गूंजेंगे मंदिर -
सेक्टर 12 स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर, असंध रोड शिवपुरी, गीता मंदिर, गंगाधाम मंदिर, अवध धाम मंदिर व सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन सहित शहर के अन्य मंदिरों में सावन मास की अंतिम सोमवारी पर विशेष इंतजाम किया गया है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रहेगी।
मंदिर में संपन्न हुआ सामूहिक सावन रूद्राभिषेक-
पश्चिमी दिल्ली-
सावन के आखिरी सोमवार से पहले शिवाजी एंकलेव स्थित विश्वगिरि शिवि मंदिर में सामूहिक श्रावण-रूद्र पूजा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पहले गुरू पूजा, रूद्र पूजा और सत्संग किया गया। रूद्र पूजा में महादेव को दूध, दही, घी, शक्कर और शहद का पंच स्नान कराया जाता है। जिसमें सवा सौ लोगों ने भाग लिया। सावन के माह में रूद्र पूजा का बहुत महत्व होता है। इसमें महादेव के रौद्र रूप की पूजा की जाती है। इसमें मंत्रों उच्चारण द्वारा पूजा में बैठे सभी यजमानों के जीवन में आई बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाता है। इन मंत्र के उच्चारण के साथ सभी लोग अपने अंदर छुपी नकारात्मक सोच को दूर करते है। मंदिर के पुजारी पंडित महेश सावन में की गई हर पूजा का अपना महत्व होता है। सावन के माह को प्रकृति और पुरूष से जोड़ा जाता है। जिसमें प्रकृति का सावन से संबध है और पुरूष का महादेव शिव से।
सावन के अंतिम सोमवार को मंदिरों में रही विशेष तैयारी-
ग्रेटर नोएडा- सावन मास के आखिरी सोमवार को लेकर मंदिरों में रविवार को तैयारियां का दौर चला। मंदिरों में साफ सफाई व सजावट की गई। मंदिरों में सुबह से जलाभिषेक शुरू होगा।
आज सावन का आखिरी सोमवार है। त्रियोदशी ने इस दिन की महत्ता को और बढ़ा दिया है। इसलिए मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर रविवार को शहर के मंदिरों में साफ सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मंदिरों में पानी से सफाई की गई। मंदिर को सजाया गया। परिसर में भी भक्तों के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई। दिन भर सजावट व सफाई का काम चलता रहा। सोमवार को सुबह पांच बजे से जलाभिषेक शुरू होगा। मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ को संभालने के लिए सेवादार तैनात रहेंगे। लोगों को पंक्तिबद्ध होकर जलाभिषेक करने का मौका मिलेगा।
मंदिर में सफाई की गई है। फूलों से सजावट की जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए सेवादार तैनात होंगे।